छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने 5 लोगों की मौत, 11 घायल:……………..रायपुर


छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई है। पहला हादसा मनेंद्रगढ़ जिले के खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर का है, जहां खेत में काम कर रहे 3 ग्रामीण बिजली की चपेट में आए, हादसे में तीनों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में इलाज जारी है।

वहीं, सूरजपुर जिले के नमदगीरी गांव में किसान विनय देवांगन (35) खेत में काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक बिजली गिरी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। तीसरा हादसा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हुआ, जहां बिजली की चपेट में आने से महिला मजदूर ने दम तोड़ दिया। 6 अन्य महिलाएं घायल हो गई।

छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाले को पार करने की कोशिश की तो वह गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे बहने से बचाया।

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम बिगड़ा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस बीच सोमवार दोपहर के वक्त रायपुर में तेज बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!