शौर्य को नमन: बसना में भव्य ‘शहीद स्मारक’ का लोकार्पण , अमर शहीदों की पावन स्मृति में उमड़ा जनसैलाब



महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ ऐतिहासिक समारोह; शहीदों के परिजनों व पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

बसना महासमुंद/छत्तीसगढ़
मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले देश के अमर वीर सपूतों की स्मृति में महासमुंद जिले के बसना (पी.पी. रोड स्थित दशहरा मैदान) में निर्मित भव्य ‘शहीद स्मारक’ का लोकार्पण समारोह देशभक्ति के जयघोष और भावपूर्ण वातावरण के बीच गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
यह ऐतिहासिक स्मारक वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद योगेश्वर दास जी एवं बसना अंचल के वीर सपूत डॉ. मेजर गगनदीप सिंह जी भाटिया की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए स्थापित किया गया है।

मुख्य अतिथियों ने किया नमन, शहीदों की गाथा को बताया अजर-अमर

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी जी एवं बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल जी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।

सांसद रूप कुमारी चौधरी जी ने अपने संबोधन में कहा कि वीर जवानों का त्याग और बलिदान अतुलनीय है। यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की अलख जगाता रहेगा।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल जी ने कहा कि बसना अंचल की माटी वीरों की भूमि रही है। अमर शहीद योगेश्वर दास और डॉ. मेजर गगनदीप सिंह भाटिया का बलिदान पूरे देश और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

पूर्व सैनिकों और परिजनों का हुआ भावुक अभिनंदन

कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़, फुलझर एवं बसना अंचल के पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अमर शहीदों के परिवारजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने भारत माता की जय और अमर शहीदों के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।

समारोह में गरिमामयी उपस्थिति सारंगढ़ बिलाईगढ से पूर्व सैनिक सम्माननीय सुरेश कुमार साहु धनसीर,कमल किशोर साहू पवनी से अतिथि के रूप में शामिल रहा।

इस पावन अवसर पर समस्त सम्मानीय पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में बसना व आसपास के अंचलवासी उपस्थित रहे। सभी ने अमर जवानों की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!