जांजगीर-चांपा। साइबर थाना जांजगीर पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से ₹4,87,911 की ऑनलाइन निकासी कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसने अधिकांश रकम ऑनलाइन गेम में खर्च कर दी।
शिकायतकर्ता सुधीर कुमार सिंह (41 वर्ष), निवासी ग्राम चांदो, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, वर्तमान में 11वीं बटालियन जांजगीर में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात उन्होंने अपना वीवो Y21 मोबाइल बैरक में चार्जिंग पर लगाया था। ड्यूटी पर जाने से पहले जब मोबाइल लेने पहुंचे तो वह गायब मिला।
कुछ दिनों बाद बैंक में पैसे निकालने पहुंचे तो खाते में राशि नहीं थी। बैंक स्टेटमेंट की जांच में 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से ₹4,87,911 की अनाधिकृत निकासी सामने आई। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया, जो घटना के बाद से बटालियन परिसर में भी मौजूद नहीं था। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद आधार नंबर की सहायता से यूपीआई आईडी बनाकर बैंक खाते से रकम निकाल ली।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-C एवं 66-D के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई ASP उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा CSP योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं उनकी टीम ने की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें
