NCCRP की टीपलाइन पर मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एनसीसीआरपी पोर्टल की शिकायत पर त्वरित जांच: मुंगेली पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा।
आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज: सोशल मीडिया के जरिए अश्लील सामग्री प्रसारित करने पर हुई सख्त कानूनी कार्रवाई।
भारत सरकार के एनसीसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) के माध्यम से प्राप्त साइबर टीपलाइन संबंधी शिकायतों पर मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष अरोड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त आरोपी के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया गया।
दिनांक 13.07.2026 को गृह मंत्रालय के एनसीसीआरपी पोर्टल से साइबर टीपलाइन शिकायत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली को मिली थी। शिकायत में इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की सूचना दर्ज थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबर के गहन विश्लेषण व सत्यापन के बाद आरोपी की पहचान विक्रम बघेल (पिता जयपाल बघेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी पंडरभट्टा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली) के रूप में हुई। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत IT एक्ट की धारा 67(A), 67(B) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी विक्रम बघेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को 28.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर 29.07.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुंगेली पुलिस की नागरिकों से अपील
मुंगेली पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें। महिला एवं बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, अश्लील या अवैध सामग्री का प्रसारण, संग्रहण अथवा साझा करना गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (प्रभारी थाना सिटी कोतवाली मुंगेली), उप निरीक्षक हरीश साहू, आरक्षक अजय चंद्राकर, योगेश यादव एवं दुर्गेश यादव की सराहनीय भूमिका रही।
