बिलाईगढ़ आज बंद: 3 सूत्रीय मांगों पर चक्काजाम, थम सकते हैं पहिये



सारंगढ़ बिलाईगढ़ :नगर की बदहाल सड़कों, प्रशासनिक उदासीनता और चरमराई यात्री बस व्यवस्था के विरोध में आज गुरुवार (30 जुलाई) बिलाईगढ़ बंद रहेगा। ‘हमारा नगर, हमारा अधिकार’ अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने सुबह 9 बजे से नगर बंद और अनिश्चितकालीन चक्काजाम का आह्वान किया है। बंद के चलते बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित रहने की संभावना है।

आंदोलनकारियों ने तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। पहली मांग बिलाईगढ़ गौरवपथ (भाग-2) के अधूरे निर्माण को तत्काल पूरा कराने की है। उनका कहना है कि लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने के कारण सड़क पर धूल, गड्ढों और अव्यवस्था से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

दूसरी मांग मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के खिलाफ कार्रवाई की है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि उनकी कार्यशैली जनहित के अनुरूप नहीं है। इसलिए उन्हें तत्काल निलंबित करने अथवा नगर से स्थानांतरित करने की मांग की गई है।

तीसरी मांग सारंगढ़ से बलौदाबाजार और बिलासपुर की ओर संचालित यात्री बसों का नगर के भीतर नियमित प्रवेश सुनिश्चित करने की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधिकांश बसें नगर में प्रवेश किए बिना बायपास से निकल जाती हैं, जिससे स्थानीय यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उनका कहना है कि जब तक तीनों मांगों पर लिखित और ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!