शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन : तीन शिक्षक निलंबित, एक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ की सख्त कार्रवाई, अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस नीति।

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शासकीय विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने चार अलग-अलग मामलों में जांच के बाद तीन शिक्षक-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, एक प्रधान पाठक के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।
कार्रवाई के तहत शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने वाले एक प्रधान पाठक को निलंबित किया गया है। इसके अलावा गंभीर अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के मामले में एक अन्य प्रधान पाठक को भी निलंबित किया गया है। निजी नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर एक सहायक शिक्षिका को निलंबित किया गया है।
वहीं, निजी नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों एवं सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामले में एक प्रधान पाठक के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को भेजी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हित, विद्यालयीन अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा सर्वोपरि है। सेवा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!