बुदबुदा नाले में मिला युवक का शव, ग्रामीणों में मची सनसनी; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, डूबने से मौत की आशंका..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बुदबुदा-पंचधार मार्ग स्थित नाले में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने नाले के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। पानी के ऊपर केवल मृतक के बाल दिखाई दे रहे थे, जिसके कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया। बाद में मृतक की पहचान संजय पटेल (लगभग 40 वर्ष), पिता आनंद सिंह पटेल, निवासी ग्राम बुदबुदा, थाना सरिया के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी एन.एल. राठिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों ने बताया कि संजय पटेल गुरुवार से घर नहीं लौटे थे। परिवार के अनुसार, वह पहले भी कभी-कभी एक-दो दिन के लिए घर से बाहर चले जाते थे और फिर स्वयं वापस लौट आते थे। इसी वजह से परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इस बार उनके साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।

घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि संजय तीन भाइयों में एक थे और तीनों अलग-अलग रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। संजय ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। वहीं इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीण मृतक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!