भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार बदमाशों ने झपटी 3 तोले की सोने की चेन

छीना-झपटी में टूटकर मौके पर गिरी चेन, SSP समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

भिलाईनगर, 31 जुलाई 2026। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शिनी परिसर में शुक्रवार सुबह घर के सामने टहल रही एक महिला को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन झपट ली। हालांकि बदमाश अपने मंसूबे में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सके। छीना-झपटी के दौरान चेन टूटकर घटनास्थल पर ही गिर गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वारदात के बाद बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब महिला अपने घर के सामने टहल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और मौका देखकर महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भागने का प्रयास किया। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई और वहीं गिर गई।

SSP समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर

चेन स्नेचिंग की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने पीड़ित महिला से घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर गिरी सोने की चेन को पुलिस ने बरामद कर लिया है।

CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश

पुलिस प्रियदर्शिनी परिसर एवं आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे, इसका पता लगाने के लिए अलग-अलग कैमरों की फुटेज का मिलान किया जा रहा है।

पुलिस बाइक और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

घटना से क्षेत्र में चिंता

सुबह के समय आवासीय इलाके में हुई चेन स्नेचिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!