जनसुविधाओं की बदहाली पर जागरूक नागरिक ने खोला मोर्चा

सुलभ शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और पिंक टॉयलेट की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन

अधिकारियों ने जांच और आवश्यक कार्रवाई का दिया भरोसा


मुंगेली। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर जागरूक नागरिक देवेश शर्मा ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। मिली जानकारी के अनुसार, ज्ञापन में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक अस्पतालों को पुनः शहर के मध्य संचालित करने, सुलभ शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट निर्माण की मांग की गई है।

24 घंटे प्रसव सेवा के दावे पर उठाए सवाल

ज्ञापन में सरदार पटेल वार्ड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि अस्पताल में कागजों पर 24 घंटे प्रसव सेवा संचालित होने का दावा किया जाता है, लेकिन व्यवहारिक रूप से शाम करीब 7 बजे अस्पताल बंद कर दिया जाता है और अगले दिन सुबह 10 बजे ही सेवाएं शुरू होती हैं। इससे रात के समय प्रसूताओं एवं अन्य मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में अस्पताल को वास्तविक रूप से 24 घंटे संचालित करने की मांग की गई है।

शहर से बाहर अस्पताल शिफ्ट होने से बढ़ी परेशानी

देवेश शर्मा ने ज्ञापन में कहा कि पहले शहर के मध्य संचालित होने वाले आयुर्वेदिक अस्पताल को जिला अस्पताल परिसर रामगढ़ तथा होम्योपैथिक अस्पताल को आवासपारा मार्ग स्थित बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे शहर के 22 वार्डों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने दोनों अस्पतालों को पुनः शहर के मध्य स्थित पुराने भवनों में संचालित करने की मांग की है।

सुलभ शौचालय की बदहाली पर भी उठाई आवाज

ज्ञापन में सरदार पटेल वार्ड स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय की अव्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया कि यह शौचालय थाना, अजाक थाना, आगर स्टेडियम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भाजपा कार्यालय तथा सदर बाजार क्षेत्र के लिए प्रमुख सार्वजनिक सुविधा है, लेकिन यहां केवल शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, स्नान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं हैं। साथ ही यहां तैनात कर्मचारियों को अन्य कार्यों में लगा दिए जाने के कारण शौचालय कई बार बंद रहता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है।

महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाने की मांग

ज्ञापन में रायपुर और बिलासपुर की तर्ज पर मुंगेली में भी महिलाओं के लिए आधुनिक पिंक टॉयलेट स्थापित करने की मांग की गई है। बलानी चौक, सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड, पड़ाव चौक और दाऊपारा जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पिंक टॉयलेट बनाए जाने की मांग करते हुए कहा गया कि त्योहारों, मेलों और बड़े आयोजनों के दौरान दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को प्रसाधन सुविधा के अभाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!