ग्राम पंचायत विकास योजना गांव के समग्र विकास का आधार: जिला पंचायत सीईओ


मुंगेली । जिले में गांवों के समग्र एवं सुनियोजित विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला पंचायत मुंगेली के सभा कक्ष में ग्राम पंचायत विकास योजना अंतर्गत थीम-वाइज कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में समीक्षा-सह-संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ग्राम पंचायतों में थीम आधारित विकास योजनाओं को प्रभावी रूप से तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समृद्ध एवं जल पर्याप्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव सहित विभिन्न विषयों को केंद्र में रखते हुए स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री रावटे ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गांव के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायत सचिवों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण, व्यवहारिक एवं जन-उपयोगी थीम-वाइज कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी अभिसरण, जनभागीदारी तथा ग्राम स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। बैठक में प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने तथा निर्मित जलापूर्ति व्यवस्थाओं के बेहतर रखरखाव में ग्राम पंचायतों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला समन्वयक एवं संकाय सदस्यों द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत विकास योजना पोर्टल पर कार्ययोजना की प्रविष्टि, सहभागी नियोजन प्रक्रिया तथा योजना निर्माण की आवश्यक तकनीकी जानकारी दी गई। बैठक में पथरिया एवं मुंगेली जनपद पंचायत के समस्त ग्राम पंचायत सचिव, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जिला समन्वयक, संकाय सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!