नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिलेगी गति

मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित एनआईसी सभाकक्ष में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल एवं अपर कलेक्टर जी.एल. यादव भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
कलेक्टर ने अटल परिसर, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्य, सीएम हेल्पलाइन, पीएम स्वनिधि योजना, राजस्व वसूली, 15वें वित्त आयोग के कार्य, गौरव पथ निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक ने लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए आवश्यक फिलिंग कार्य समय पर पूरा करने को कहा, ताकि बारिश के बाद निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके और पात्र हितग्राहियों को जल्द आवास का लाभ मिल सके।
इस दौरान संयुक्त संचालक श्री जायसवाल ने सभी प्रगतिरत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण एजेंसियों अथवा ठेकेदारों द्वारा कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने सभी नगरीय निकायों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा स्ट्रीट लाइटों के सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही पट्टा अधिनियम के तहत सर्वे कार्य शीघ्र पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!