सलिहा पुलिस की कार्रवाई, 45 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ कोचिया गिरफ्तार, भेजा जेल..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलिहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 45 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 4,500 रुपये बताई गई है, जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार 7 अगस्त 2026 को थाना सलिहा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम आमाकछार निवासी बहादूर सारथी (44 वर्ष) अपने घर के पीछे निर्माणाधीन खुले मकान के पास अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर आरोपी बहादूर सारथी को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक नरेंद्र साहू, आरक्षक राजेश नारंग, चंद्रप्रकाश भारद्वाज, आनंद पुरेना सहित सलिहा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!