जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम बड़े घोटला में पूर्व सरपंच स्व. देवनारायण पटेल एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. सविता पटेल के दशगात्र एवं गंगाभोज कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर दिवंगत दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम, जनपद सीईओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगतों के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिलाअध्यक्ष कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। वहीं चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद घटना बताते हुए दिवंगत दंपति के सामाजिक योगदान को याद किया।
पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने कहा कि स्व. देवनारायण पटेल एवं स्व. सविता पटेल का असमय निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि घनश्याम मनहर, सूरज तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, समाजसेवी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
