यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 16 वाहन चालकों से वसूला 5,200 रुपये जुर्माना..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 8 अगस्त को सारंगढ़ शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

16 मामलों में चालानी कार्रवाई

अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 16 प्रकरण बनाए गए और वाहन चालकों से कुल 5,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर को स्पष्ट रूप से अंकित नहीं करने वाले 14 वाहन चालकों पर धारा 50/177 के तहत कार्रवाई की गई। इन मामलों में कुल 4,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। धारा 128/194(C) के तहत ऐसे 2 प्रकरण बनाए गए, जिनमें कुल 1,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील

चालानी कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और बाइक पर तीन सवारी नहीं बैठाने की समझाइश दी। यातायात सेल ने विशेष रूप से अपील की कि नशे की हालत में किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं, क्योंकि इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहन चेकिंग और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!