विश्व आदिवासी दिवस पर नवागांव में उमड़ा जनसैलाब, चंद्रदेव राय ने कहा—अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी

बारनवापारा क्षेत्र के विकास कार्यों को याद करते हुए बोले पूर्व विधायक—जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष में सदैव समाज के साथ खड़ा रहूंगा

विधानसभा बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम नवागांव (बारनवापारा) में विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के हजारों लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के बीच विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन एवं पूर्व विधायक बिलाईगढ़ चंद्रदेव राय शामिल हुए। उन्होंने आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज देश का मूलनिवासी होने के साथ जल, जंगल और जमीन का वास्तविक संरक्षक है। आज इन प्राकृतिक संसाधनों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में वे सदैव समाज के साथ खड़े रहेंगे।
पूर्व विधायक ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान बारनवापारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने के साथ दूरसंचार सुविधा पहुंचाने का कार्य किया गया। वहीं सोनाखान में तहसील, बीएससी कॉलेज, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बया में जिला सहकारी बैंक, धान खरीदी केंद्र एवं सोसायटियों के साथ सामाजिक भवन, रंगमंच, गांवों में मुक्तिधाम, सार्वजनिक शौचालय और सीसी रोड सहित अनेक विकास कार्य कराए गए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किए गए ये कार्य आज भी जनता के बीच याद किए जाते हैं और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में प्रबुद्धजन कुंजल सिंह दीवान, संतू बरिहा, रामसिंह ठाकुर, तीजराम ठाकुर, युवा नेता शेरसिंह ध्रुव, नरसिंह ठाकुर सहित कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रतिनिधि हेमंत दुबे, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मानस पांडेय, जिला महामंत्री अमर मिश्रा, पूर्व जनपद अध्यक्ष सिद्धांत मिश्रा, पत्रकार विजय साहू, युवा नेता विमल अजय, सुमित गिरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!