मुंगेली में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर कृषि उपज मंडी से स्टेडियम तक निकली यात्रा


मुंगेली । देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ’ के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला मुख्यालय मुंगेली में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कृषि उपज मंडी से शुरू हुई यह यात्रा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी एवं आम नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

यात्रा में शामिल स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती तिरंगा यात्रा ने नागरिकों में भी राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

अमर जवान स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर में स्थित अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

तिरंगा हमें एकता और कर्तव्य का संदेश देता है : मोहले

कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे पूर्वजों ने अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना किया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने नागरिकों से संविधान और देश के कानून का पूरी निष्ठा से पालन करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और नागरिकों के कर्तव्य का प्रतीक है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ईमानदारी से कर्तव्य निभाना भी सच्ची देशभक्ति : कलेक्टर

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि देशभक्ति केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं है। अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है। हम जिस भी भूमिका में हों, अपने कार्य को अनुशासन और ईमानदारी के साथ करें, यही राष्ट्र निर्माण में हमारा वास्तविक योगदान होगा।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा के माध्यम से ही देश को योग्य, जिम्मेदार और सक्षम नागरिक तथा रोल मॉडल मिलेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले जिले के वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने की अपील भी की।

एकता और अनुशासन से बनेगा सशक्त भारत : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि संगठन और एकता में अपार शक्ति होती है। जब देशवासी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते हैं, तभी सशक्त और मजबूत भारत का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन परिवार और राष्ट्र को मजबूत बनाने वाली महत्वपूर्ण शक्ति है।

एसएसपी ने नागरिकों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत हो।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थी हुए शामिल

तिरंगा यात्रा में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, जनप्रतिनिधिगण, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, एल्डरमैन अमितेश आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!