सरिया से बरमकेला तक शान से लहराया तिरंगा, शहर से गांव तक देशभक्ति के रंग में रंगा अंचल..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला और सरिया क्षेत्र में शहर से लेकर गांव तक देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर तिरंगा फहराया गया और लोगों ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया।

नगर पंचायत सरिया में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बना रहा। इसी तरह बरमकेला में सत्यभामा मनोहर नायक ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। यहां भी राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

स्वतंत्रता दिवस का उत्साह केवल नगरों तक सीमित नहीं रहा। सरिया और बरमकेला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल, कॉलेज, सरकारी और गैर सरकारी संस्थान, विभिन्न कार्यालय, ग्राम पंचायतें और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी तिरंगा शान से लहराया गया। कहीं विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तो कहीं प्रभात फेरी और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से आजादी का जश्न मनाया गया। बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

पूरे अंचल में सुबह से ही भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष सुनाई दिए। तिरंगे के रंग में सजे नगर और गांवों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और खास बना दिया।सरिया से बरमकेला और ग्रामीण अंचलों तक स्वतंत्रता दिवस ने लोगों को एकता, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!