नौघटा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी विद्यार्थियों को मिली साइकिल, बालिका शौचालय का हुआ भूमिपूजन..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील के ग्राम नौघटा में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत सरपंच संगीता वीरेंद्र पटेल ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनपद सदस्य पूजा संतोष चौहान, उपसरपंच, पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल देकर किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए साइकिल प्रदान की गई। कक्षा 5वीं में 94.50 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली दिव्या सिदार, पिता शिवलाल सिदार और माता गौरी सिदार तथा कक्षा 8वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली रीता सिदार, पिता हेमकुमार सिदार और माता कुमारी सिदार को साइकिल देकर सम्मानित किया गया। सरपंच संगीता वीरेंद्र पटेल और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक ने विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की। इस दौरान शिक्षकों और पंचगणों ने दोनों छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बालिका शौचालय निर्माण के लिए भूमिपूजन

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के साथ गांव के स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया गया। सरपंच संगीता वीरेंद्र पटेल और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा मिलने से छात्राओं को काफी राहत मिलेगी। यह पहल शिक्षा के साथ स्वच्छता और छात्राओं की सुविधा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव में देशभक्ति का माहौल बना रहा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विद्यार्थियों को सम्मानित करने और स्कूल में जरूरी सुविधा के लिए निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!