भाजपा मंडल सरिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// भारतीय जनता पार्टी मंडल सरिया द्वारा प्रदेश एवं जिला भाजपा के निर्देशानुसार गुरुवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर 2 बजे अटल चौक से शुरू हुई इस यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और पुलिस प्रशासन के जवान शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा अटल चौक से शुरू होकर गांधी चौक और बस्ती स्थित जगन्नाथ मंदिर होते हुए नगर पंचायत सरिया के अटल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा में युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारी, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ने का काम करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान नगर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। यात्रा के समापन के बाद भी लोगों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!