साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दी ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी

नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा। सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, नवागढ़ में छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना नवागढ़ के एसआई वैभव साहू ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

एसआई वैभव साहू ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, ओटीपी साझा करने के खतरे, पासवर्ड की गोपनीयता तथा संदिग्ध लिंक से बचने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से युवा एवं तरुण वर्ग को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सावधानी बरतने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी।

उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक एवं मानसिक नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। यह मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं जागरूकता बढ़ाने वाला रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से एसआई वैभव साहू एवं थाना नवागढ़ पुलिस विभाग का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!