जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में श्री कुंदन कुमार ने संभाला पदभार, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता

उत्तर बस्तर कांकेर, 20 अगस्त 2026। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के अधिकारी श्री कुंदन कुमार ने गुरुवार को उत्तर बस्तर कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में प्रारंभिक जानकारी ली।

नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम छोर और दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले पात्र लोगों तक भी शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांकेर जिले को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों में अग्रणी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं बेहतर सामंजस्य के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा व्यक्त की।

कांकेर जिले से पुराना प्रशासनिक जुड़ाव

श्री कुंदन कुमार का कांकेर जिले से पूर्व में भी प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित होने के बाद उन्होंने वर्ष 2016-17 में भानुप्रतापपुर अनुभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों को करीब से समझा।

इसके बाद वर्ष 2017 से 2019 तक कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा शुगर मिल के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य किया। तत्पश्चात वर्ष 2019-20 में जिला पंचायत दुर्ग और वर्ष 2020-21 में जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में उन्होंने अपनी सेवाएं दीं।

प्रशासनिक अनुभव के क्रम में श्री कुंदन कुमार ने वर्ष 2021-22 में बलरामपुर जिले के कलेक्टर तथा वर्ष 2022-23 में अंबिकापुर जिले के कलेक्टर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद वर्ष 2024-25 में संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दीं।

इसके पश्चात श्री कुंदन कुमार ने अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक मुंगेली जिले के कलेक्टर के रूप में दायित्व संभाला। अब शासन द्वारा उन्हें उत्तर बस्तर कांकेर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने आज कांकेर पहुंचकर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया।

नवपदस्थ कलेक्टर के व्यापक प्रशासनिक अनुभव और कांकेर जिले से उनके पूर्व परिचय को देखते हुए जिले में विकास कार्यों को गति मिलने तथा शासन की योजनाओं का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!