जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज, 4 मामलों में 90.5 लीटर महुआ शराब जब्त..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 19 और 20 अगस्त को भटगांव, सारंगढ़ और कोसीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए चार मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 90.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई।

भटगांव में दो जगह दबिश, 30 लीटर शराब जब्त

भटगांव पुलिस ने 20 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर ग्राम ठरकपुर और गदहभाठा में अलग-अलग कार्रवाई की। पुलिस ने शराब लेकर जा रहे दो लोगों को पकड़ा। ठरकपुर निवासी गरीब दास, उम्र 45 वर्ष के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। वहीं गदहभाठा निवासी हलदर निराला, उम्र 59 वर्ष के पास से 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर उप जेल सारंगढ़ भेजा गया।

सारंगढ़ में 10.5 लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार

सारंगढ़ थाना पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम मौहाढोढ़ा में एक आरोपी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजीत बरेठ शराब लेकर खर्री से मौहाढोढ़ा की ओर पैदल आ रहा है। मेन रोड पर घेराबंदी कर संजीत बरेठ को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 70 पाउच में कुल 10.5 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कोसीर में घर से मिली 50 लीटर महुआ शराब

इसी तरह कोसीर थाना पुलिस ने ग्राम लेन्ध्रा छोटे में कार्रवाई कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग घर में बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब रखे हुए हैं। रेड कार्रवाई के दौरान संदीप निराला, उम्र 20 वर्ष और सुनीता निराला, उम्र 45 वर्ष के कब्जे से कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी

तीनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में कुल 90.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब की बिक्री या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!