जम्मू-कश्मीर से बरामद हुईं बिलाईगढ़ की दो नाबालिग बालिकाएं, दो आरोपी गिरफ्तार..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से अलग-अलग मामलों में लापता हुईं दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला 20 जनवरी 2026 का है। एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने के बाद उसकी मां ने बिलाईगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी तरह दूसरे मामले में 23 मार्च 2026 को एक नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट उसके पिता ने दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस बालिकाओं की तलाश कर रही थी।

तकनीकी जानकारी से जम्मू-कश्मीर में मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर दोनों की तलाश और बरामदगी के लिए विशेष टीम रवाना की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर पटेल, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा और महिला आरक्षक फुलकारी कुर्रे की टीम जम्मू-कश्मीर पहुंची। पुलिस टीम ने एक बालिका को नागमणि, जिला जम्मू से रोशन बंजारे के कब्जे से और दूसरी बालिका को ओमपुरा, जिला बड़गांव, जम्मू-कश्मीर से शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस के मुताबिक, बालिकाओं को बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने आरोपियों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और शादी करने के बाद दुष्कर्म करने की बात बताई। मामले में पुलिस ने रोशन बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी और शिवा पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदुमुड़ी, थाना बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!