रक्षाबंधन पर बहन के घर से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को टैंकर ने मारी टक्कर, दो की मौत..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// रक्षाबंधन का पर्व मनाकर घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रूचिदा निवासी यशवंत सिदार पिता कामता प्रसाद सिदार, उम्र 26 वर्ष, अपने चचेरे भाई चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोड़म अपनी बहन के घर राखी बंधवाने गए थे। तीनों युवक बाइक से गए थे और शाम के समय वापस अपने गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि टिमरलगा के पास सामने से आ रहे एक टैंकर वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक और युवक की मौत हो गई। हादसे में तीसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाकर लौट रहे युवकों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते गम में बदल गईं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!