जिला अध्यक्ष पद के चुनाव में गजेन्द्र जायसवाल ने ठोकी दावेदारी

ठकुरीकापा चकरभट्ठा राज की बैठक में चुनाव नियमावली पर चर्चा, दौलत जायसवाल ने वापस लिया नाम

मुंगेली/जरहागांव । डडसेना कलार ठकुरीकापा चकरभट्ठा राज (मुंगेली परिक्षेत्र) की महत्वपूर्ण बैठक नगर पंचायत जरहागांव स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ इष्टदेव भगवान सहस्त्रबाहु की विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। बैठक में आगामी 20 सितंबर 2026 को होने वाले जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर सामाजिक चुनाव प्रक्रिया, नियमावली और दावेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में परिक्षेत्रीय अध्यक्ष पवन जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने सामाजिक नियमावली का पालन करते हुए आपसी एकजुटता और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक निर्वाचन अधिकारी अजय जायसवाल ने की। उन्होंने जिला अध्यक्ष चुनाव से संबंधित सामाजिक नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी उपस्थित सदस्यों को दी।

परीक्षेत्रीयबठक के दौरान दो लोगों ने पेश की दावेदारी, एक ने नाम वापस लिया

बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष पद के लिए दो लोगों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। जरहागांव निवासी गजेन्द्र कुमार जायसवाल और दामापुर निवासी दौलत जायसवाल ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नाम सामने रखा। दोनों दावेदारों ने समाज के प्रति अपने अनुभव और कार्यों की जानकारी उपस्थित सामाजिकजनों के सामने रखी।

बैठक के दौरान दामापुर निवासी दौलत जायसवाल ने जिला अध्यक्ष पद की दावेदारी से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की। इसके बाद गजेन्द्र कुमार जायसवाल की दावेदारी प्रमुख रूप से सामने रही। हालांकि अंतिम चुनाव एवं निर्वाचन प्रक्रिया सामाजिक नियमावली के अनुसार संपन्न होगी।

2011 से समाज सेवा में सक्रिय होने का दावा

गजेन्द्र कुमार जायसवाल ने अपनी दावेदारी के दौरान समाज सेवा में लंबे अनुभव का उल्लेख किया। उनके अनुसार वे वर्ष 2011 से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पूर्व में कलार समाज जरहागांव में सचिव पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में समाज के सक्रिय युवाओं ने एकजुट होकर नई सोच के साथ यूथ डड़सेना कलार समाज समिति जरहागांव की नींव रखी, जबकि वर्ष 2016 से समिति ने समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य प्रारंभ किया। वर्ष 2017 में सक्रिय सदस्यों को पदाधिकारी के रूप में शामिल कर समिति को पंजीकृत कराया गया और सर्वसम्मति से गजेन्द्र जायसवाल को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

सामाजिक गतिविधियों में सक्रियता का उल्लेख

गजेन्द्र जायसवाल के अनुसार समिति द्वारा सामाजिक भोज, मासिक बैठक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वरिष्ठजनों का सम्मान, प्रतिभा सम्मान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, सामाजिक बर्तनों का विस्तार, क्षेत्रीय इकाइयों का आयोजन तथा सामाजिक सुख-दुख में सहयोग जैसे विभिन्न कार्य किए जाते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि समिति की सक्रियता और सामाजिक गतिविधियों को देखते हुए बिलासपुर, कवर्धा, रायपुर और कोरबा सहित विभिन्न जिलों तथा डोमनपुर, लोरमी और पथरिया क्षेत्र के सामाजिकजनों द्वारा समिति को सम्मानित किया गया है। वर्ष 2024 में कलार समाज जरहागांव की सामाजिक गतिविधियों की जिम्मेदारी भी यूथ डड़सेना कलार समाज समिति जरहागांव को सौंपे जाने की जानकारी दी गई।

सामाजिक भवन मरम्मत सहित आगामी कार्ययोजना

गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि समाज की एकता और सक्रियता बनाए रखने के लिए कार्यकारिणी एवं सक्रिय सदस्यों द्वारा नियमित मासिक और ऑनलाइन बैठकें आयोजित की जा रही हैं। 28 जून 2026 की वार्षिक बैठक में विभिन्न सामाजिक समस्याओं के समाधान और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई थी। इसमें सामाजिक भवन की मरम्मत को प्राथमिकता देते हुए कार्य आगे बढ़ाने की बात कही गई।

पांच वर्ष का अनुभव जरूरी

बैठक में बताया गया कि जिला अध्यक्ष पद के लिए निर्धारित चुनाव नियमावली के अनुसार दावेदार के पास कम से कम पांच वर्ष का सामाजिक अनुभव होना आवश्यक है। साथ ही समाज सेवा में निरंतर सक्रिय रहने वाले व्यक्ति को निर्वाचन प्रक्रिया में पात्रता के अनुसार अवसर दिया जाना है।

भजन से हुआ मंच का शुभारंभ

कार्यक्रम का मंच संचालन जरहागांव सामाजिक कोषाध्यक्ष अजय जायसवाल ने किया। उन्होंने भजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। ईश्वर जायसवाल ने उपस्थित सामाजिकजनों का तिलक लगाकर स्वागत किया। बैठक में परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए पदाधिकारी, वरिष्ठजन, सक्रिय सदस्य, युवा और सामाजिकजनों ने अपने विचार रखे। अंत में यूथ डड़सेना कलार समाज समिति जरहागांव के अध्यक्ष गजेन्द्र कुमार जायसवाल ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब आगामी 20 सितंबर 2026 को होने वाले जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर सामाजिकजनों की नजर निर्वाचन प्रक्रिया पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!