समय-सीमा की बैठक में विभागवार योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, शिकायतों के वास्तविक समाधान के निर्देश
मुंगेली । जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, शासन की योजनाओं और प्राथमिकता वाले कार्यों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों से संबंधित आवेदनों और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि प्रकरणों के निराकरण में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन की योजनाओं और विभिन्न सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक विभाग के अधिकारी अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और उनके निराकरण की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए और प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
राजस्व प्रकरण और एग्रीस्टैक की समीक्षा
बैठक के दौरान कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही एग्रीस्टैक से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने और लंबित कार्यों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का केवल औपचारिक रूप से निराकरण करना पर्याप्त नहीं है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान हो और आवेदक को कार्रवाई से संतुष्टि मिले। उन्होंने शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार के प्रकरण भी एजेंडे में
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन आवेदनों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित आवेदनों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि शासन स्तर से प्राप्त जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
खराब सड़कों पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
समय-सीमा की बैठक में जिले में सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। खराब सड़कों की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सड़कें खराब हैं, वहां तत्काल आवश्यकतानुसार पैचवर्क और मरम्मत कार्य कराया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए खराब सड़कों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किए जाएं। सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
किसानों की ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिले, इसके लिए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन आवासों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ समय पर मिले और निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो। आवास निर्माण की प्रगति की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
इन योजनाओं और विभागों की हुई समीक्षा
समय-सीमा की बैठक में पेंशन प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना, जल जीवन मिशन, सुग्घर छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
