आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश, अब प्रत्येक मंगलवार दोपहर 1 बजे से होगा जनदर्शन
मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं, मांगें और शिकायतें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम फरहदा की गंगाबाई सोनवानी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम करही के कृष्णा साहू ने पक्की नाली निर्माण सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष अपनी मांग रखी।
संबंधित अधिकारियों को सौंपे आवेदन
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजनों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और नियमानुसार कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को भी उपलब्ध कराई जाए।
आवेदकों को निराकरण का भरोसा
जनदर्शन में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे आवेदकों से कलेक्टर ने सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनके आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
जनदर्शन के दौरान एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अब दोपहर 1 बजे से होगा जनदर्शन
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट में आयोजित होने वाले जनदर्शन के समय में बदलाव किया गया है। अब प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 1 बजे से कलेक्टर जनदर्शन आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार आमजनों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा लोगों की जिला प्रशासन तक सहज पहुंच बनाए रखने के उद्देश्य से जनदर्शन के समय में यह परिवर्तन किया गया है।
प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन लेकर निर्धारित समय पर जनदर्शन में उपस्थित हो सकते हैं। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने और उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराने का अवसर मिलेगा।
