राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 4 पदक, तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
बलौदा बाजार। जांजगीर-चांपा में 22 से 25 अगस्त तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बलौदा बाजार के मलखम्ब खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। अभिजीत कुर्रे ने स्वर्ण, अंजली यादव ने रजत तथा भीष्म रात्रे और दुष्यंत घृत लहरे ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में जिले के 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं शानदार प्रदर्शन के चलते तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य कोच अकलेश नारंग एवं सहायक कोच रविंद्र कुमार के मार्गदर्शन में मिली इस सफलता से मलखम्ब परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
