स्वास्थ्य संदेश के साथ मनी जन्माष्टमी

भाटागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भक्ति के साथ दिया स्वस्थ रहने का संदेश

रायपुर। भाटागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में इस वर्ष जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस पावन पर्व को केवल धार्मिक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ मनाया गया। अस्पताल परिसर में इस अवसर पर बेहद सुंदर और मनमोहक श्रीकृष्ण जी की झांकी तैयार की गई थी। झांकी में बाल गोपाल की लीलाओं का सुंदर चित्रण किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न करने के लिए छोटी-छोटी मटकियों में माखन-मिश्री का भोग लगाया गया और उसके बाद उपस्थित सभी भक्तों और मरीजों के परिजनों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरे अस्पताल परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो गया था।इस धार्मिक आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि अस्पताल प्रबंधन ने भक्ति के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी संदेश दिया। प्रसाद वितरण के साथ-साथ कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया गया। वर्तमान में फैल रहे वायरल और स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों को देखते हुए लोगों को बचाव के उपाय बताए गए। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह एवं प्रबंधन ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों को बीमारी से पहले जागरूक करना भी है। त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं, लेकिन खुशियां तभी हैं जब हम स्वस्थ हैं। इसलिए भक्ति के साथ स्वस्थ जागरूकता का यह संदेश दिया गया। उर्मिला हॉस्पिटल की इस अनूठी पहल को लेकर लोगों ने जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि अस्पताल द्वारा इस तरह से धर्म और स्वास्थ्य को जोड़ना एक बहुत ही सराहनीय कदम है। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि सेवा और संस्कार दोनों एक साथ चल सकते हैं। कार्यक्रम में डायरेक्टर नम्रता सिंह अस्पताल के सभी डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!