परसकोल में तेज रफ्तार कार का तांडव, मैकेनिक की दुकान में जा घुसी कार, परिवार के इकलौते कमाने वाले श्याम कुमार की मौत..

सारंगढ़ बिलाईगढ़// कनकबीरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। परसकोल के पास दिशा-सूचक बोर्ड के नजदीक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मैकेनिक की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान में काम कर रहे मैकेनिक श्याम कुमार पटेल (44 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए रायगढ़ ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

बोर्ड से बचने के चक्कर में बिगड़ा कार का संतुलन

मिली जानकारी के अनुसार बरमकेला क्षेत्र निवासी बजरंग कोडाकू और निखिल पटेल अपने रिश्तेदार के घर भालूपानी आए हुए थे। वापस लौटते समय कार काफी तेज रफ्तार में थी। परसकोल के पास दिशा-सूचक बोर्ड आने पर चालक ने वाहन को अचानक मोड़कर बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण कार से नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क किनारे मैकेनिक की दुकान में जा घुसी।

गंभीर हालत में रायगढ़ ले जाते समय तोड़ा दम

कार की चपेट में आने से दुकान में काम कर रहे श्याम कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय दुकान में वाहन बनवा रहे एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से श्याम कुमार को तत्काल सारंगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रायगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रायगढ़ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। श्याम कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कार चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर ने बताया कि वाहन चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!