सीएमओ पर गंभीर आरोप, प्रशासनिक अधिकारियों से बदसलूकी का दावा

पीआईसी रजिस्टर में छेड़छाड़ और स्वच्छता समूह की महिलाओं से लैंगिक उत्पीड़न की शिकायतों की जांच जारी

बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) यशवंत देवांगन के खिलाफ गंभीर शिकायतों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है। स्वच्छता समूह में कार्यरत महिलाओं द्वारा कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समक्ष सीएमओ के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत किए जाने के बाद मामले को जांच के लिए एसडीएम बिलाईगढ़ को भेजा गया है।

शिकायत में महिलाओं के साथ कथित लैंगिक उत्पीड़न सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एसडीएम द्वारा मामले की जांच के लिए जांच दल गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पीआईसी रजिस्टर को लेकर भी विवाद

इसी बीच नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभारी अनूप जायसवाल की ओर से एसडीएम को शिकायत देकर आरोप लगाया गया कि जांच से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज सीएमओ के निवास पर रखे गए हैं और उनमें कथित रूप से छेड़छाड़ की जा रही है।

अध्यक्ष की शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को पीआईसी रजिस्टर को सीएमओ द्वारा अपने निवास पर रखे जाने तथा उसमें अध्यक्ष की अनुपस्थिति में लिखा-पढ़ी किए जाने की सूचना प्रशासन को दी गई। शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को सीएमओ के निवास पर भेजा गया।

बताया गया कि तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर सीएमओ से पूछताछ की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान सीएमओ द्वारा पीआईसी रजिस्टर में अध्यक्ष की अनुपस्थिति में लिखा-पढ़ी किए जाने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया गया है। मामले से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग भी किए जाने की बात कही गई है।

मौके पर विवाद और बदसलूकी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दस्तावेजों को लेकर पूछताछ के दौरान सीएमओ ने हंगामा किया और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कथित रूप से बदसलूकी की। इस घटना को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग की गई है।

अध्यक्ष प्रभारी ने की एफआईआर और निलंबन की मांग

नगर पंचायत अध्यक्ष अनूप जायसवाल ने सीएमओ को तत्काल हटाने के साथ-साथ स्वच्छता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए लैंगिक उत्पीड़न के आरोपों की शीघ्र जांच कराने की मांग की है। अध्यक्ष ने पीआईसी रजिस्टर में कथित छेड़छाड़ के मामले में एफआईआर दर्ज कर सीएमओ को निलंबित करने की मांग भी की है।

बाइट — एसडीएम बिलाईगढ़

“सीएमओ के खिलाफ लैंगिक उत्पीड़न एवं पीआईसी रजिस्टर में छेड़छाड़ जैसे गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है।”

बाइट — अनूप जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत बिलाईगढ़

“सीएमओ पर स्वच्छता दीदियों के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार और पीआईसी रजिस्टर में छेड़छाड़ के आरोप हैं। हमारी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज करते हुए निलंबन की कार्रवाई की जाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!