सबरिया डेरा में पुलिस की दबिश, 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त,युवक गिरफ्तार

भटगांव। अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ भटगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम सलोनीकला के सबरिया डेरा में दबिश देकर बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 14 हजार रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अर्जुन गोंड (19), पिता हीरासिंह गोंड, निवासी सलोनीकला सबरिया डेरा अपने मकान में बिक्री के लिए अवैध कच्ची महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भटगांव पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 10 लीटर क्षमता वाली सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 10 लीटर तथा सफेद प्लास्टिक बोरी के अंदर रखी सफेद डिब्बी से करीब 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 70 लीटर शराब, कीमत करीब 14 हजार रुपए, गवाहों की मौजूदगी में जब्त की।
मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!