डोमाडीह की बेटी ने बढ़ाया परिवार और क्षेत्र का मान, डॉक्टर बनने के सपने की ओर बढ़ाया कदम
सारंगढ़। छोटे से गांव से निकलकर विदेश में डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली सत्यभामा चौहान ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सारंगढ़ अंचल के ग्राम डोमाडीह, पोस्ट मालदा की रहने वाली सत्यभामा का चयन रूस की नॉर्दर्न स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में वर्ष 2026-27 के लिए एमबीबीएस पाठ्यक्रम में हुआ है।
सत्यभामा की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई करते हुए विदेश में मेडिकल शिक्षा के लिए चयनित होना उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है, जो बड़े सपने लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं।
माता-पिता ने जताई खुशी
बेटी की सफलता पर पिता मोहत्साय चौहान और माता पुष्पा चौहान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सत्यभामा ने पूरे परिवार और गांव का मान बढ़ाया है। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सत्यभामा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद के साथ मित्र दुर्गेश मालाकार, बड़ी दीदी दीपा राजहंस, मां संतोष चौहान, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी सहित समस्त परिवार के सहयोग और आशीर्वाद को दिया है।
गांव की बेटी की इस उपलब्धि के बाद बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सत्यभामा अपनी मेडिकल शिक्षा पूरी कर एक सफल चिकित्सक बनेंगी और आगे चलकर अपने गांव, क्षेत्र और देश की सेवा करेगी
