सारंगढ़-बिलाईगढ़// शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला गाड़ापारा सरिया में एक जन्मदिन का आयोजन बच्चों के लिए खास बन गया। शशिधर पंडा कॉलेज की सहायक प्राध्यापक हर्षा साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू के साथ मिलकर स्कूल के विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। दोनों ने हर्षा साहू का जन्मदिन बच्चों के साथ खुशियां बांटकर मनाया।
न्योता भोज में स्कूल के सभी 70 विद्यार्थियों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। बच्चों को पूरी-सब्जी और मिठाई खिलाई गई। इसके साथ ही उन्हें चॉकलेट, कॉपी, पेन और रूमाल भी दिए गए। अचानक मिले इस प्यार और उपहार से बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और पूरे स्कूल में उत्साह का माहौल रहा।
बच्चों के साथ मनाया खास दिन
हर्षा साहू और कोमल प्रसाद साहू ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ अपनी खुशियां साझा कीं। उनका कहना था कि जन्मदिन जैसे खास अवसर को बच्चों के बीच मनाने से खुशी और भी बढ़ जाती है। बच्चों के साथ भोजन करना और उन्हें छोटी-छोटी जरूरत की चीजें देना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।
विद्यालय परिवार ने इस पहल के लिए हर्षा साहू और कोमल प्रसाद साहू के प्रति आभार जताया। स्कूल परिवार ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल बच्चों को खुशी देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनमें अपनापन, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करते हैं। ऐसे प्रयास समाज में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हैं।
