बैंकिंग और बीमा की जानकारी से भविष्य को सुरक्षित रखने का दिया संदेश

मुंगेली । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं बीमा प्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन एसबीआई लाइफ मुंगेली शाखा के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में एसबीआई लाइफ के वरिष्ठ ब्रांच मैनेजर श्रीकांत शुक्ला, व्यवसाय मैनेजर प्रमोद कुमार श्रीनेत, एसबीआई लाइफ मित्र डॉ. आईपी यादव तथा विद्यालय के प्राचार्य ए.डी. अंचल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को बैंकिंग की बारीकियों से कराया परिचित

कार्यशाला को संबोधित करते हुए वरिष्ठ ब्रांच मैनेजर श्रीकांत शुक्ला ने कहा कि वर्तमान डिजिटल और आर्थिक परिस्थितियों में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग एवं बीमा प्रणाली की सामान्य जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आज बैंकिंग व्यवस्था हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। बैंक खाते से लेन-देन, बचत, निवेश सहित अनेक वित्तीय गतिविधियां बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से संचालित होती हैं। ऐसे में विद्यार्थियों सहित समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बैंकिंग से जुड़े आवश्यक नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी होना जरूरी है, ताकि बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित एवं बेहतर तरीके से उपयोग किया जा सके।

उन्होंने जीवन सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय में बैंकिंग के साथ-साथ बीमा के संबंध में भी जागरूकता जरूरी है। सही जानकारी के अभाव में लोग कई बार उपलब्ध वित्तीय सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। इसलिए विद्यार्थियों को अभी से वित्तीय अनुशासन और सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार की जानकारी दी जानी चाहिए।

लघु बचत और आवश्यक निवेश पर जोर

श्रीकांत शुक्ला ने विद्यार्थियों को लघु बचत की आदत विकसित करने तथा आवश्यकता के अनुरूप निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़ी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक हो सकती है। यदि बचत और निवेश की आदत जीवन के प्रारंभिक दौर से विकसित हो जाए तो भविष्य को अधिक सुरक्षित और तनावमुक्त बनाया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं बैंकिंग और बीमा से संबंधित जानकारी हासिल करने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। वित्तीय जागरूकता आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और जागरूक नागरिक ही उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का सही लाभ उठा सकते हैं।

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान

कार्यशाला के दौरान शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के समस्त शिक्षकों एवं व्याख्याताओं का सम्मान किया गया। शिक्षकों को प्रमाण पत्र, श्रीफल एवं कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया कि यदि समुद्र के जल को स्याही, पर्वतों के वृक्षों को कलम और पूरी धरती को कागज बना लिया जाए, तब भी गुरु की महिमा का पूर्ण वर्णन करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने शिक्षकों से अपने महती दायित्व का निर्वहन पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देते हैं। इसलिए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षकों का महत्वपूर्ण दायित्व है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उमाकांत मिरी, अशोक सियारे, अमीन सोनवानी, लालाराम घृतलहरे, सुषमा गुप्ता, ज्योति सिंह, लक्ष्मी नारायण जोशी, भाऊ राम साहू, अनु साहू, झमेश पटेल, बलदाऊ साहू, मीरकंठ साहू, राजकुमारी बंजारे, जेठूराम साहू, संतोष सप्रे, दीपक सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!