रायपुर में चाकूबाजी से नाबालिग की मौत, चार संदिग्ध हिरासत में

सिविल लाइन क्षेत्र की घटना से मचा हड़कंप, गुस्साए परिजनों ने थाने का किया घेराव

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार रात हुई चाकूबाजी की एक गंभीर घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

मृतक की पहचान जोगी मोहल्ला निवासी कुश बाघ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के चलते यह खूनी झड़प हुई, जिसमें कुश पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल कुश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में उसके कुछ साथी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या विवाद की आशंका जताई जा रही है। हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!