सही दवा, शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर सक्ती जिले में 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू

सक्ती ।  छत्तीसगढ़ शासन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार “सही दवा, शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक सक्ती जिले में 15 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के मेडिकल स्टोर्स एवं खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की जा रही है, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक तक सही दवा एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ पहुंच सुनिश्चित किया जा सके। अभियान के लिए नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर  बीरेंद्र लकड़ा के नेतृत्व में खाद्य प्रतिष्ठानों तथा मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच हेतु खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम द्वारा जन-जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
      इसी क्रम में सक्ती स्थित चौपाटियों एवं ठेला-टफरी क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान चाट, गुपचुप, बिरयानी, आइसक्रीम, फालूदा, समोसा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को न्यूज पेपर में खाद्य सामग्री परोसने से बचने, साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थ परोसते समय ग्लब्स एवं हेड कैप का उपयोग करने, तेल का दो बार से अधिक उपयोग न करने तथा खाद्य सामग्री को ढककर रखने जैसे आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष अभियान के तहत पूर्व में भी खाद्य नमूनों की जांच की कार्रवाई की गई है। 17 अप्रैल 2026 को पापा ढाबा हरेठी से पनीर एवं पकी अरहर दाल का नमूना लिया गया था, वहीं 23 अप्रैल 2026 को अशोक सुपर बाजार सक्ती से बेसन, दलिया एवं नमक के नमूने संग्रहित किए गए। उक्त समस्त कार्यवाही में अभिहित अधिकारी  एहसान तिग्गा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य एवं निखिलेश साहू सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगामी 15 दिनों तक लगातार जारी रहेगा तथा जिले में खाद्य एवं औषधि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!