पी एच ई डी ठेकेदारों ने कार्यपालन अभियंता की कार्यप्रणाली पर जताया आक्रोश

छुखदान। जिले में कार्यरत पी एच ई डी ठेकेदार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश जोशी एवं जिला अध्यक्ष संजय महोबिया के नेतृत्व में ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय कलेक्टर खैरागढ़ से मुलाकात कर कार्यपालन अभियंता की कार्यप्रणाली के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कार्यपालन अभियंता द्वारा ठेकेदारों के कार्यों का डिमांड उच्च कार्यालय में नहीं भेजा जा रहा है तथा बार-बार नए नियम लागू कर बिलों को रोका जा रहा है। इस कारण ठेकेदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है।
कलेक्टर महोदय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता को ठेकेदारों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सीईओ जिला पंचायत को कार्यपालन अभियंता एवं ठेकेदारों की संयुक्त बैठक आयोजित कर सभी समस्याओं के समाधान हेतु अधिकृत किया गया।

मुलाकात के दौरान नितिन सिंह भाटी, संतोष मीणा, अयूब भाई, तरुण सिंह,लक्ष्मण सोनटके, अमन तिवारी,अयाश सिंह, बोनी, सलीम मेमन, कूची ताम्रकार एवं अभिजीत सिंह सहित कई ठेकेदार उपस्थित रहे।

ठेकेदारों ने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारी की कार्यशैली पूर्व पदस्थापना स्थलों पर भी विवादित रही है, जहां उनके विरुद्ध जनप्रतिनिधियों एवं उच्च अधिकारियों को शिकायतें की गई थीं। उनका आरोप है कि वर्तमान में भी अधिकारी द्वारा भुगतान प्रक्रिया को बाधित किया जा रहा है, जिससे प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “जल जीवन मिशन” प्रभावित हो रही है।

ठेकेदारों ने कलेक्टर से मांग की कि उक्त अधिकारी का अन्यत्र स्थानांतरण प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि जिले में विकास कार्यों एवं जल जीवन मिशन की प्रगति सुचारू रूप से जारी रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!