सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधारमुंगेली में अस्पतालों व होटलों सघन जांच जारी

मुंगेली, जिले के नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान तेजी से जारी है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में यह अभियान 11 मई तक संचालित किया जाएगा।
अस्पतालों और फार्मेसियों का निरीक्षण
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा अभियान के अंतर्गत निजी अस्पतालों एवं उनसे जुड़ी फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चैन व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश स्थानों पर वैक्सीन निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखी गई थीं। हालांकि, कुछ अस्पतालों में रेफ्रिजरेटर में पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बिजली कटने जैसी आपात स्थिति में भी वैक्सीन सुरक्षित रह सके।
होटलों और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
इसी तरह खाद्य शाखा द्वारा शहर के प्रमुख होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों में भी सघन निरीक्षण किया गया। कुल 08 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया:
साफ-सफाई: किचन व बर्तनों की नियमित सफाई के निर्देश।
व्यक्तिगत स्वच्छता: कर्मचारियों को हेड कवर, एप्रन पहनने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया।
कीट नियंत्रण: इंसेट कैचर लाइट लगाने और डस्टबिन को ढंककर रखने की सलाह दी गई।
पंजीयन: जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य पंजीयन नहीं था, उन्हें तत्काल अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीयन के संचालन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल स्वच्छ एवं पंजीकृत होटल-रेस्टोरेंट में ही भोजन करें। भोजन की गुणवत्ता या स्वच्छता में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा, नागरिकों को सलाह दी गई है कि वैक्सीन केवल पंजीकृत चिकित्सकों से ही लगवाएं और चोट लगने या पशु काटने की स्थिति में आवश्यक टीकाकरण (जैसे एंटी-रेबीज) अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!