रायपुर में गुप्तीनुमा चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

राहगीरों को डरा-धमका रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायपुर राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मिलन चौक संजय नगर इलाके में एक युवक हाथ में गुप्तीनुमा चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा था। इलाके में दहशत का माहौल बनने पर इसकी सूचना मुखबिर के माध्यम से टिकरापारा थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान अभय उर्फ पार्टनर साहू (19 वर्ष), निवासी संजय नगर टिकरापारा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का धारदार गुप्तीनुमा चाकू जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और अवैध हथियारों से जुड़ी घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!