जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, खारुन नदी में डूबने से युवक की मौत

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था 20 वर्षीय रूपेश, नहाते समय गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

रायपुर। जन्मदिन का जश्न मनाने दोस्तों के साथ पिकनिक पर गया एक युवक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। खारुन नदी के सातपाखर गांव स्थित एनीकट में नहाने के दौरान 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान रूपेश देवांगन (20) निवासी गुढ़ियारी के शुक्रवारी बाजार क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उसका जन्मदिन था। इस अवसर पर वह अपने दोस्तों के साथ खारुन नदी तट पर पिकनिक मनाने पहुंचा था। पिकनिक के दौरान सभी दोस्त नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान रूपेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि रूपेश के पिता ने उसे नदी क्षेत्र में जाने से मना किया था, लेकिन दोस्तों के आग्रह पर वह जन्मदिन मनाने चला गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशी का यह दिन परिवार के लिए जीवनभर का दुख बन जाएगा।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद गुढ़ियारी क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जन्मदिन के दिन हुई इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!