गांव की पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, चाकू के वार से युवक की मौत; पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलौद में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 29 मई की रात पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास तोषक भारती नामक युवक पर चाकू से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल तोषक को तत्काल उपचार के लिए आरंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि तोषक को अपनी बहन और एक विधि से संघर्षरत बालक के बीच बातचीत पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी बनी हुई थी। घटना वाली रात विवाद फिर भड़क उठा और देखते ही देखते मारपीट के बाद चाकूबाजी में बदल गया।
मामले में गांव के करण ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम सामने आया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। मृतक की मां सरस्वती भारती की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।
