रायपुर कोर्ट परिसर में पेशी के बाद भिड़े दो युवक, एक घायल, आरोपी हिरासत में

पुराने विवाद ने कोर्ट परिसर में पकड़ा तूल, सिर दीवार से टकराने का आरोप; पुलिस ने तत्काल संभाला मोर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़े एक पुराने प्रकरण की सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पेशी के बाद दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी झड़प में बदल गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पुराने मामले में पेशी के लिए दोनों पक्ष न्यायालय पहुंचे थे। सुनवाई पूरी होने के बाद किसी बात को लेकर राहुल सोनी और धृवेश देवांगन के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान धृवेश देवांगन ने राहुल सोनी का सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई और वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल राहुल सोनी को प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धृवेश देवांगन को हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्ष किसी जुलूस या समूह के रूप में नहीं बल्कि अपने-अपने मामले की पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

इधर, घटना के बाद सोशल मीडिया पर चाकू से हमले की खबरें भी प्रसारित होने लगीं। हालांकि पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में किसी धारदार हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!