नंदनवन जू और जंगल सफारी की सैर हुई महंगी, नई टिकट दरें लागू

जू एंट्री से लेकर सफारी राइड तक बढ़े शुल्क, वीकेंड और छुट्टियों पर वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों को नहीं मिलेगी निःशुल्क प्रवेश सुविधा

नवा रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने जाने वाले पर्यटकों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जू एंट्री टिकट, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं की दरों में संशोधन करते हुए नई शुल्क व्यवस्था लागू कर दी है। विभाग का कहना है कि बढ़ी हुई दरों से पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, रखरखाव और जंगल सफारी के बेहतर संचालन में सहायता मिलेगी।

नई नीति के तहत जू में प्रवेश करने वाले बच्चों, वयस्कों और विदेशी पर्यटकों के टिकट शुल्क में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए प्रवेश शुल्क अब 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु के पर्यटकों को अब 50 रुपये की जगह 100 रुपये का टिकट लेना होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए जू एंट्री शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

जंगल सफारी के लिए भी टिकट दरों में बदलाव किया गया है। साधारण बस, एसी बस और इलेक्ट्रिक बस सफारी की अलग-अलग श्रेणियों में शुल्क बढ़ाया गया है। 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए साधारण बस का किराया 100 रुपये, एसी बस का 150 रुपये तथा इलेक्ट्रिक बस का 175 रुपये तय किया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु के पर्यटकों को साधारण बस के लिए 150 रुपये, एसी बस के लिए 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 250 रुपये खर्च करने होंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी शुल्क 750 रुपये से लेकर 1250 रुपये तक निर्धारित किया गया है।

नई नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को मिलने वाली रियायत को लेकर भी किया गया है। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर निःशुल्क प्रवेश की सुविधा मिलेगी, लेकिन यह सुविधा केवल सामान्य दिनों में ही लागू रहेगी। वीकेंड, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों के दौरान उन्हें भी निर्धारित टिकट शुल्क का भुगतान करना होगा।

वन विभाग का मानना है कि नई शुल्क व्यवस्था से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी और नंदनवन जू एवं जंगल सफारी का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!