घेराबंदी कर पकड़ी गई आरोपी, 2 किलो से अधिक गांजा जब्त
नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार जारी, एक लाख रुपये का माल बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला इलाके में गांजे की बिक्री करने की फिराक में है। सूचना के आधार पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 2.040 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान महिला गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाती थी और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रहार’ के तहत नशे के कारोबारियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
