तिल्दा-नेवरा की घटना ने किशोरों में बढ़ती हिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी पर खड़े किए गंभीर सवाल
“जब संवाद की जगह आक्रोश ले लेता है, तब हार केवल एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की होती है।”
रायपुर/तिल्दा। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शुक्रवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सासाहोली स्थित सरस्वती स्कूल के बाहर कक्षा 11वीं के दो छात्रों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल परिसर से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि बच्चों की मानसिकता और सामाजिक परिवेश को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों छात्र एक ही स्कूल और कक्षा में अध्ययनरत थे। उनके बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद और मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों आमने-सामने आए और कहासुनी के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला किया। बचाव के दौरान चाकू हाथ बदल गया और दोनों के बीच संघर्ष बढ़ गया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल छात्र के बयान और अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। कुछ स्थानीय लोगों ने विवाद में अन्य युवकों की भूमिका की आशंका भी जताई है, हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है।
यह घटना केवल दो छात्रों के बीच हुए विवाद की कहानी नहीं है, बल्कि बदलते सामाजिक माहौल का चिंताजनक संकेत भी है। विशेषज्ञों का मानना है कि किशोरावस्था में बच्चों का व्यक्तित्व तेजी से विकसित होता है। ऐसे समय में यदि उन्हें सकारात्मक मार्गदर्शन, भावनात्मक सहारा और संवाद का वातावरण नहीं मिलता तो छोटी-छोटी बातें भी तनाव और आक्रोश का कारण बन जाती हैं। सोशल मीडिया पर बढ़ती हिंसक सामग्री, आभासी प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक संवाद में कमी और तनावपूर्ण जीवनशैली भी बच्चों के व्यवहार को प्रभावित कर रही है।
शिक्षकों का मानना है कि आज बच्चों को केवल अकादमिक शिक्षा नहीं, बल्कि भावनात्मक शिक्षा और जीवन कौशल की भी आवश्यकता है। स्कूलों में नियमित काउंसिलिंग, अभिभावकों के साथ संवाद और विद्यार्थियों के व्यवहार पर संवेदनशील निगरानी समय की मांग बन चुकी है। तिल्दा-नेवरा की यह घटना एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, वहीं समाज के लिए एक चेतावनी भी कि यदि बच्चों की मानसिक और भावनात्मक जरूरतों को नजरअंदाज किया गया तो ऐसे हादसे भविष्य में और गंभीर रूप ले सकते हैं।
क्यों बढ़ रही है किशोरों में आक्रामकता?
विशेषज्ञों के अनुसार सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव, हिंसक डिजिटल कंटेंट, पारिवारिक संवाद में कमी, भावनात्मक दबाव, असफलता को स्वीकार न कर पाने की प्रवृत्ति और साथियों के बीच वर्चस्व की मानसिकता किशोरों में आक्रामक व्यवहार को बढ़ावा दे रही है। समय रहते काउंसिलिंग और संवाद ही इसका प्रभावी समाधान हो सकता है।
स्कूल और अभिभावकों की बढ़ी जिम्मेदारी
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यालयों में नियमित मनोवैज्ञानिक परामर्श, एंटी-बुलिंग अभियान, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम और अभिभावकों के साथ सतत संवाद आवश्यक है। बच्चों के व्यवहार में आने वाले छोटे बदलावों को समय रहते समझकर उन्हें सही दिशा देना ही ऐसी घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
