मकान मालकिन की सूझबूझ से दबोचा गया आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल
अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलार स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री में कार्यरत ओडिशा निवासी युवक को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने सहकर्मी की पत्नी को घर में अकेला पाकर चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भास्कर जना (23 वर्ष) ग्राम कोलार स्थित फैक्ट्री में काम करता है। बीते दिन पहले उसने सहकर्मी की पत्नी को घर में अकेला देखकर धमकाते हुए दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के दौरान उसने वीडियो भी बनाया और पीड़िता को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी से पूछताछ की तो वह आक्रामक हो गया और चाकू लेकर हमला करने दौड़ पड़ा। इस दौरान मकान मालकिन ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डंडे से वार कर आरोपी को काबू में कर लिया, जिससे कोई बड़ी अनहोनी टल गई।
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
