पखांजूर/अंतागढ़। अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पखांजूर में आम आदमी पार्टी द्वारा कार्यकर्ता संवाद एवं संगठन सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्टी के “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान को गति देना तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। इसी सोच के साथ प्रत्येक बूथ पर संगठन को सुदृढ़ बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था, वनाधिकार, रोजगार, किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी अनेक मूलभूत सुविधाओं से वंचित है तथा समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिला उपाध्यक्ष ऋषिकेश मजूमदार ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की समस्याओं को केवल चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि अपने संघर्ष का आधार मानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में जनसरोकारों से जुड़े विषयों को और अधिक मजबूती के साथ उठाएगी तथा प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
विधानसभा प्रभारी शिव पोटाई ने अपने संबोधन में कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही प्रभावी जनआंदोलन की नींव होता है। यदि बूथ स्तर मजबूत होगा तो जनता की आवाज़ को अधिक प्रभावशाली तरीके से उठाया जा सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पखांजूर ब्लॉक अध्यक्ष संजय मंडल ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनसेवा की भावना से ही क्षेत्र में सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन संभव है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आग्रह किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में बूथ स्तर पर संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा। नए सदस्यों को जोड़ने, नियमित जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन भी संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने तथा अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की सक्रिय उपस्थिति को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी शिव पोटाई, प्रदेश सह प्रभारी सौरभ झा, यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष तेजेंद्र तोरेकार, धनवन साय देहारी, देव कुमार दे, देव देहारी, ऋषिकेश मजूमदार, प्रदीप मंडल, संजय मंडल, राम साईं पोटाई, मानिक लाल जड़े, रंजन प्रमाणिक, बाबुल, गौरव राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
