एसीसीयू और पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिलें बरामद
भिलाईनगर, 28 जून 2026। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी भिलाई थाना पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने गनियारी क्षेत्र में संचालित एक जुआ अड्डे पर छापेमार कार्रवाई कर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, स्मार्ट मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिलों सहित कुल 5 लाख 20 हजार 170 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जून की रात नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई-3 के गनियारी स्थित बड़कू दाऊ की बाड़ी में बने मकान के भीतर कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर एसीसीयू एवं थाना पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आठ लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सेवक वर्मा, पंकज देवांगन, चितामणी चंद्राकर, कुन्नु साहू, तुंगध्वज चंद्रवंशी, प्रकाश चंद्राकर, केवल चंद्राकर एवं टाकेश्वर साहू शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 1 लाख 82 हजार 170 रुपये नकद, 8 स्मार्ट मोबाइल फोन (अनुमानित मूल्य लगभग 1 लाख 38 हजार रुपये) तथा 3 मोटरसाइकिलें (अनुमानित मूल्य लगभग 2 लाख रुपये) जब्त कीं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 5 लाख 20 हजार 170 रुपये आंका गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 327/2026 पंजीबद्ध कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा के निर्देशन में एसीसीयू एवं थाना पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
