मोतीबाग में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम

मोबाइल पर बहस के बाद युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोतीबाग क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 25 जून की सुबह की है। बताया गया कि मोबाइल फोन पर हुई कहासुनी के बाद पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युवक कृष दीप को घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महेंद्र उर्फ हर्ष सोनी (21 वर्ष) तथा देव बचेल (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों और पीड़ित के बीच पहले से विवाद चल रहा था। मोबाइल फोन पर हुई बहस के बाद गुस्से में आकर आरोपियों ने हमले की साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!